WhatsApp ने दिसंबर 2022 में भारत में लाखों अकाउंट बैन कर दिए हैं। ऐप ने बुधवार को अकाउंट्स बैन होने की जानकारी दी है। व्हाट्सएप (WhatsApp) हर महीने कंपनी की नीति के उल्लंघन, उपयोगकर्ता रिपोर्ट और अन्य कारणों से खातों को प्रतिबंधित करता है। दिसंबर के महीने में बैन किए गए खातों की संख्या नवंबर के मुकाबले थोड़ी कम है।
नवंबर महीने में ऐप ने 37.16 लाख अकाउंट बैन किए थे, जो दिसंबर महीने में घटकर 36.77 लाख रह गए हैं। इसमें 13.89 लाख खातों को सक्रिय रूप से प्रतिबंधित किया गया है। वॉट्सऐप हर महीने आईटी रूल्स 2021 के तहत बैन किए गए अकाउंट की जानकारी देता है।
WhatsApp ने क्या कहा?
WhatsApp ने कहा, 1 दिसंबर 2022 से 31 दिसंबर 2022 के बीच 36.77 लाख खातों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसमें 13.89 लाख खातों को किसी भी यूजर द्वारा रिपोर्ट करने से पहले ही सक्रिय रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
- Internet Users Beware : इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले सावधान, 3 साल में 6 गुना बढ़े साइबर अटैक के मामले
2021 में नए आईटी नियम आने के बाद बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को हर महीने कंप्लायंस रिपोर्ट जारी करनी होगी। इस रिपोर्ट में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म उन तमाम कदमों की जानकारी देते हैं, जो उन्होंने प्लेटफॉर्म को सुरक्षित बनाने के लिए उठाए हैं।
WhatsApp खातों पर प्रतिबंध क्यों लगाता है?
नफरत फैलाने वाले भाषण, गलत सूचना और फर्जी खबरें फैलाने के लिए कई बार बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए इन प्लेटफॉर्म्स को हर महीने कंप्लायंस रिपोर्ट जारी कर जानकारी देनी होती है।
WhatsApp ने बताया कि दिसंबर के महीने में यूजर्स की अपील में खासी बढ़ोतरी हुई है। जहां नवंबर माह में 946 शिकायतें प्राप्त हुई। वहीं दिसंबर माह में इसकी संख्या बढ़कर 1459 हो गई है। इसमें से व्हाट्सएप ने केवल 164 खातों के खिलाफ कार्रवाई की है।
इसके अलावा ऐप पर सुरक्षा से जुड़ी 13 रिपोर्ट आती थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अकाउंट की रिपोर्ट करने के लिए आपको वॉट्सऐप सेटिंग में जाना होगा। यहां आपको Help पर क्लिक करना है और फिर Contact Us में जाना है।